जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अंतरराष्ट्रीय महावारी दिवस के अवसर पर बाल विकास परियोजना विभाग की ओर से बालिकाओं को मासिक धर्म एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करने के साथ ही आयरन फोलिक एसिड की गोलियां और सैनिटरी नैपकिन वितरित किए गए।
मोटाढांक और आमपड़ाव के आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सुपरवाइजर बंसुधरा रावत ने किया। उन्होंने कहा कि किशोरावस्था के बाद मासिक धर्म बालिकाओं में होने वाली एक सामान्य एवं प्राकृतिक शारीरिक प्रक्रिया है। इस दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है, जिससे विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सके। उन्होंने बालिकाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने की सलाह देते हुए कहा कि सही खानपान से शरीर स्वस्थ रहता है और एनीमिया जैसी समस्याओं से बचाव संभव है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयरन फोलिक एसिड की गोलियां और सैनिटरी नैपकिन भी वितरित किए गए। इस अवसर पर बालिकाओं को राज्य सरकार की नंदा गौरा योजना की जानकारी भी दी गई तथा योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।