जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : ग्रामीण विकास नागरिक विकास मंच की बैठक में क्षेत्र में गुलदार के आतंक सहित विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। कहा कि गुलदार सहित वन्य जीवों के आतंक से निजात दिलाने के लिए सरकार को ठोस पहल करनी होगी। इस मौके पर कई प्रस्ताव भी पारित किए गए।
देवी मंदिर स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में विचार मंच के अध्यक्ष प्रवेश चंद्र नवानी ने कहा कि वर्तमान मे पर्वतीय क्षेत्रों के अलावा मैदानी क्षेत्र में भी गुलदार का आतंक बना हुआ है। शनिवार को सनेह क्षेत्र की एक महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया, जिससे महिला घायल हो गई। कहा कि इस प्रकार की घटनाएं पर्वतीय क्षेत्रों में आए दिन हो रही है, जो कि चिंता का विषय है। कहा कि सरकार को इस प्रकार की घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस उपाय करने की जरूरत है। वक्ताओं ने नीट परीक्षा का मुद्दा भी उठाया। कहा कि दोबारा होने वाली नीट परीक्षा के अभ्यर्थियों को मार्ग व्यय की सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री स्व. भुवन चंद्र खंडूड़ी को मरणोपरांत भारत रत्न दिए जाने व उनकी स्मृति में प्रस्तावित पीजी मेडिकल कालेज का नाम रखवाए जाने की मांग की है। इस मौके पर शंकर दत्त गौड़, शिव प्रकाश कुकरेती, सुनील नवानी, जनार्दन प्रसाद ध्यानी, शशि मोहन उनियाल, राजेंद्र कुमार वर्मा, पातीराम ध्यानी, एसएन नौटियाल, श्रीकांत नौगाई मौजूद रहे।