चमोली। पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की पीपलकोटीझ्रसियासैंण परियोजना में 13 अगस्त को हुए हादसे को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने टीएचडीसी और जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। यूकेडी के प्रतिनिधिमंडल ने परियोजना स्थल पर पहुंचकर हादसे की परिस्थितियों, श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था और परियोजना में लागू सुरक्षा मानकों की विस्तृत जानकारी मांगी। दल ने स्पष्ट किया कि विकास परियोजनाओं के नाम पर श्रमिकों और स्थानीय ग्रामीणों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यूकेडी प्रतिनिधिमंडल ने परियोजना स्थल पर पहुंचकर टीएचडीसी अधिकारियों के समक्ष हादसे से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवाल रखे। विरोध के दौरान टीएचडीसी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अजय वर्मा भी मौके पर पहुंचे और प्रतिनिधिमंडल की मांगों एवं सवालों को सुना।
टनल में मौजूद श्रमिकों का रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की मांग
यूकेडी ने हादसे के समय टनल के अंदर मौजूद श्रमिकों की वास्तविक संख्या को लेकर सवाल उठाया। दल ने मांग की कि घटना के समय टनल के अंदर कितने कर्मचारी और श्रमिक मौजूद थे, कितने लोग किस समय टनल में दाखिल हुए और कौन-कौन बाहर निकला, इसका पूरा रिकॉर्ड सार्वजनिक किया जाए।
इसके साथ ही प्रत्येक श्रमिक की रियल टाइम लोकेशन से संबंधित उपलब्ध रिकॉर्ड और परियोजना के एंट्री-एग्जिट सिस्टम की जानकारी भी सामने रखने की मांग की गई, ताकि हादसे के दौरान सुरक्षा प्रबंधन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।