कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में बदहाल पड़ी सड़कें
गड्ढों की चपेट में आने से आए दिन चोटिल हो रहे वाहन चालक
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में शायद ही कोई ऐसी सड़क हो जहां आपकों गड्ढे न दिखाई दें। बदहाल पड़ी इन सड़कों पर वाहन चलाना भी एक चुनौती बन गई है। लगातार शिकायत के बाद भी सरकारी सिस्टम सड़क मरम्मत की सुध नहीं ले रहा। जबकि, पूर्व में क्षेत्रवासी बदहाल सड़कों की मरम्मत के लिए आंदोलन भी कर चुके हैं। ऐसे में कैसे व्यवस्थाएं बेहतर बनेंगी यह बड़ा सवाल है।
कोटद्वार नगर निगम के चालीस वार्डों को आपस में जोड़ने वाली सड़कें बदहाल पड़ी हुई हैं। कई स्थानों पर गड्ढे इतने बड़े हैं कि दोपहिया वाहन चालकों की कमर तक टूट जा रही है। सड़क पर गड्ढों के कारण हर समय दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। सबसे बुरी स्थित मालगोदाम रोड से गाड़ीघाट होते हुए सनेह को जाने वाली माग की बनी हुई है। यही स्थिति महाविद्यालय को जोड़ने वाले शिवपुर रोड की भी बनी हुई है। देवी रोड के समीप शिब्बूनगर को जाने वाले मार्ग पर तो लोग गड्ढों के बीच डामर को खोज रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की वर्षा होने से सड़कें कीचड़ से भर जाती है। जिसके कारण गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में दोपहिया वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं। शिकायत के बाद भी समस्या का निराकरण नहीं होने से लोगों में रोष बना हुआ है।