मुहर्रम और वीकेंड की छुट्टियों में पहाड़ घूमने पहुंचे पर्यटक

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मुहर्रम और वीकेंड की लगातार छुट्टियों के चलते मैदानी क्षेत्रों से पहाड़ों की ओर जाने वाले पर्यटकों की संख्या में भारी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। पर्यटकों के बढ़ते दबाव के कारण शुक्रवार को कोटद्वार शहर और कोटद्वार-दुगड्डा राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिनभर लंबा जाम लगा रहा। सुबह से ही सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं और वाहन रेंग-रेंगकर आगे बढ़ते रहे।
भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। तीन दिन के अवकाश के चलते शुक्रवार को पर्यटकों की आवाजाही सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक रही। सुबह आठ बजे से ही शहर की प्रमुख सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ने लगा, जिससे जगह-जगह जाम की स्थिति बन गई। यातायात प्रभावित होने की प्रमुख वजह सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहन और अतिक्रमण कर लगी रेहड़ी-ठेलियां रहीं। जाम खुलवाने और यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस को दिनभर मशक्कत करनी पड़ी। कोटद्वार-दुगड्डा राष्ट्रीय राजमार्ग की जर्जर हालत ने भी यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। कई स्थानों पर सड़क का हिस्सा खोह नदी की ओर कट चुका है, जबकि जगह-जगह बने गड्ढों के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी रही। संकरी और क्षतिग्रस्त सड़क पर वाहनों के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलने से जाम की स्थिति लगातार बनी रही। वर्षाकाल के बाद से क्षतिग्रस्त पड़े इस राष्ट्रीय राजमार्ग की अब तक मरम्मत नहीं हो सकी है। नतीजतन, कोटद्वार से दुगड्डा तक करीब 15 किलोमीटर का सफर तय करने में यात्रियों और पर्यटकों को एक घंटे से अधिक समय लग रहा है। स्थानीय लोगों ने हाईवे की जल्द मरम्मत कराए जाने की मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *