रोडवेज कर्मचारियों ने दी प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) में कुप्रबंधन, वित्तीय अनियमितताओं और कर्मचारियों की लंबित समस्याओं को लेकर उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। यूनियन ने 30 जून से चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है। यूनियन के प्रांतीय अध्यक्ष कमल पपनै और महामंत्री अशोक चौधरी ने परिवहन निगम की प्रबंध निदेशक को 13 सूत्रीय मांगपत्र के साथ आंदोलन का नोटिस थमा दिया है। यूनियन ने साफ किया है कि वर्तमान में कुप्रबंधन के कारण निगम को भारी वित्तीय हानि हो रही है और कर्मचारियों में गहरा रोष व्याप्त है। यदि 29 जून तक उनकी मांगों का निराकरण नहीं हुआ तो चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। यूनियन ने पूर्व में हुए समझौते के तहत सभी विशेष श्रेणी और संविदा कर्मचारियों को तत्काल नियमित करने, राज्य कर्मचारियों की तर्ज पर रोडवेज कर्मियों को भी एरियर सहित महंगाई व आवासीय भत्ता देने और सेवानिवृत्त व नियमित कर्मियों के लंबित देयकों का तत्काल भुगतान करने, विशेष श्रेणी व संविदा कर्मियों की आकस्मिक मृत्यु पर उनके आश्रितों को तुरंत सेवा में लेने, टूरिस्ट परमिट की आड़ में चल रही अवैध बसों को रोकने की मांग की है। चेताया कि यदि मांगें नहीं मानी जाती है तो यूनियन प्रथम चरण में 30 जून को आईएसबीटी देहरादून, हल्द्वानी बस स्टेशन और टनकपुर कार्यशाला पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन व कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इसके बाद भी यदि समाधान नहीं हुआ, तो द्वितीय चरण में 7 जुलाई से परिवहन निगम मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना और प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा, जिसके बाद तीसरे चरण में पूर्ण कार्य-बहिष्कार की भी घोषणा की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *