रुद्रपुर। रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र में एक युवक साइबर ठगी का शिकार हो गया। व्हाट्सएप पर आई संदिग्ध फाइल डाउनलोड करते ही उसके बैंक खाते से 1.17 लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिव सिटी कॉलोनी, ट्रांजिट कैंप निवासी आनंद कुमार सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 मार्च को उनके व्हाट्सएप पर एक एप्लीकेशन फाइल का मैसेज आया था, जिसे उन्होंने डाउनलोड कर लिया। अगले दिन 17 मार्च को उनके मोबाइल पर एसएमएस आया, जिसमें खाते से 1.17 लाख रुपये कटने की जानकारी मिली। पीड़ित के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके खाते से यह रकम निकाल ली। उन्होंने इसकी शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर भी दर्ज कराई है। साथ ही ट्रांजिट कैंप कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक मोहन पांडे ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच कर रही है।