जीएसटी चोरी पर सात होटल-रेस्तरां संचालकों से 12.56 लाख वसूले

Spread the love

रुद्रपुर। राज्य कर विभाग ने जीएसटी चोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए होटल और रेस्तरां कारोबारियों पर शिकंजा कस दिया है। विभागीय जांच में कर अनियमितताएं पाए जाने पर सात होटल एवं रेस्तरां संचालकों से 12.56 लाख रुपये की कर राशि जमा कराई गई। यह कार्रवाई राज्य कर आयुक्त प्रतीक जैन के निर्देश पर रुद्रपुर संभाग में चलाए गए विशेष जांच अभियान के तहत की गई। संयुक्त आयुक्त स्मिता के नेतृत्व में विभागीय टीमों ने 5 से 7 जून तक रुद्रपुर, काशीपुर, खटीमा और किच्छा क्षेत्र के 21 होटल एवं रेस्तरां प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों द्वारा वास्तविक बिक्री छिपाकर जीएसटी चोरी करने और अनुचित तरीके से इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का लाभ लेने के मामले सामने आए। विभागीय अधिकारियों ने जांच के आधार पर सात कारोबारियों से मौके पर ही कर राशि जमा कराई। कार्रवाई के दौरान कुल 12.56 लाख रुपये का कर वसूला गया। संयुक्त आयुक्त स्मिता ने बताया कि पर्यटन सीजन को देखते हुए होटल और रेस्तरां कारोबार पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभाग के पास कुछ प्रतिष्ठानों के खिलाफ कर चोरी के ठोस साक्ष्य मौजूद हैं और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जीएसटी चोरी करने वाले कारोबारियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। विशेष अभियान में उपायुक्त वीर सिंह, रामलाल, संतोष कुमार, इशांक खान, गौरव कुमार पंत, उर्मिला पींचा, संदीप सिंह, रिंकन सिंह, अभिषेक ह्यांकी, राहुल सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *