बिग ब्रेकिंग

रूस ने 36 देशों की एयरलाइंस पर लगाया प्रतिबंध, यूक्रेनी शरणार्थियों को रहने और काम का अधिकार देगा ईयू

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

मास्को/ कीव/ वाशिंगटन , एजेंसी। यूक्रेन ने रूस को पिछले चार दिनों से कीव के बाहर रोक कर रखा है। इस बीच यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि, अगले 24 घंटे यूक्रेन के लिए सबसे कठिन होने वाले हैं। वहीं जी 7 नेताओं ने यूक्रेन के विदेश मंत्री से बात की। उन्होंने कहा कि रूस के खिलाफ लड़ाई में सभी देश यूक्रेन का समर्थन जारी रखेंगे। इधर, रूसी हमलों में यूक्रेन के 352 आम नागरिकों की मौत हुई है। इसमें 14 बच्चे भी शामिल हैं।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा है हमारे परमाणु मिसाइल बल और उत्तरी व प्रशांत बेड़ों को विस्तृत युद्घ कर्तव्यों पर तैनात किया गया है।
यूरोपीय संघ (ईयू) रूस के हमले की वजह से भागे यूक्रेन के नागरिकों को तीन साल तक यूरोपीय संघ में रहने और काम करने का अधिकार देने की तैयारी कर रहा है। ईयू के गृह मामलों के आयुक्त यल्वा जनसन ने कहा कि अब तक कम से कम चार लाख यूक्रेनी शरणार्थी यूरोपीय संघ में प्रवेश कर चुके हैं।
विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने एक संसदीय समिति को रूस के हमले की वजह से यूक्रेन में हालात और वहां से भारतीय नागरिकों को निकाले जाने के प्रयासों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय नागरिकों को यूक्रेन के पांच देशों से जमीनी रास्ते से निकाला जा रहा है। ये देश हंगरी, पोलैंड, रोमानिया, स्लोवाकिया और मोलडोवा हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने यूक्रेन से भारतीय नागरिकों की निकासी पर राजनीति न करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इससे इस अभियान का उत्साह कम होगा। इस स्थिति में ऐसा करना हमारी खराब छवि पेश करेगा। हमें मिलकर काम करना चाहिए।
रूस अभी तक 36 देशों की एयरलाइंस की उड़ानों पर प्रतिबंध लगा चुका है। इन देशों में ब्रिटेन, जर्मनी फ्रांस, इटली और कनाडा भी शामिल हैं।
यूक्रेन में हालात को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज फिर एक उच्चस्तरीय बैठक करने वाले हैं। सरकारी सूत्रों ने यह जानकारी दी है।
कांग्रेस सासंद शशि थरूर ने कहा है कि यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालना प्राथमिकता है। संयुक्त राष्ट्र एक मंच है और एक अभिनेता भी है। मंच के तौर पर संयुक्त राष्ट्र तभी प्रभावी हो सकता है जब सभी सदस्य देश एक समझौते तहत एकजुट हों लेकिन वीटो शक्ति रखने वाले एक स्थाई सदस्य के साथ ऐसा नहीं किया जा सकता।
रूस के विदेश मंत्री सर्गी लैवरोव ने जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र के लिए अपनी यात्रा रद्द कर दी है। उन्होंने यह फैसला यूरोपीय संघ (ईयू) की ओर से हवाई क्षेत्र बंद करने के चलते लिया है।
रूस और यूक्रेन के बीच बने गंभीर हालात के बीच अमेरिका ने रूस में मौजूद अपने नागरिकों से कहा है कि उन्हें व्यावसायिक उड़ानों के जरिए रूस से निकलने पर तुरंत विचार करना चाहिए। विदेश विभाग ने कहा है कि रूस ने यूक्रेन पर हमले के बाद कई देशों ने अपने हवाई क्षेत्र बंद कर दिए हैं जिसके चलते बड़ी संख्या में एयरलाइंस अपनी उड़ानों को रद्द कर रही हैं।
अमेरिका के वाशिंगटन में यूक्रेन के नागरिकों और इसका समर्थन करने वाले लोगों ने व्हाइट हाउस के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान ध्वज लहराते नजर आए लोगों ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ नारेबाजी भी की। इसमें एक व्यक्ति ने अपने पोस्टर पर लिखा था कि मैं रूसी हूं और इस युद्घ का विरोध करता हूं।
संयुक्त राज्य अमेरिका रूस के केंद्रीय बैंक पर प्रतिबंधों का विस्तार कर रहा है। इस कदम से अमेरिकियों को इस बैंक के साथ किसी भी लेनदेन में शामिल होने पर रोक लगेगी और अमेरिका में किसी भी संपत्ति को फ्रीज किया जा सकेगा।
यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वहां से निकालने के लिए चलाए जा रहे अपरेशन गंगा में एयर इंडिया के अलावा अब स्पाइसजेट, एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो भी शामिल हो गई हैं। ये तीनों एयरलाइंस हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट और रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से विशेष उड़ानों का संचालन करेंगी।
भारत में फिनलैंड की राजदूत रित्वा कोउकु रोंडे ने यूक्रेन के प्रति सहानुभूति व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन सहित हर देश को अपनी बात रखने का अधिकार है। वे स्वतंत्र और संप्रभु हैं। हमें उम्मीद है कि रूस यूक्रेन में अपने अभियान पर तुरंत रोक लगाएगा।
अमेरिका के विदेश विभाग ने बेलारूस के मिंस्क में अपने दूतावास के परिचालन को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही रूस की राजधानी मास्को में गैर-आपातकालीन कर्माचरियों और उनके परिवारों के स्वैच्छिक प्रस्थान को भी अनुमति दे दी है।
विदेश मंत्रालय ने बताया है कि यूक्रेन के राजदूत के अनुरोध पर भारत सरकार यूक्रेन को दवाइयों समेत मानवीय मदद भेजेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!