साइबर अपराध पर नजर रखने को कोतवाली पुलिस को मिले कंप्यूटर

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : साइबर अपराधों की निगरानी और पुलिस को तकनीकी रूप से मजबूत करने के उद्देश्य से आधारशिला संस्था की ओर से कोतवाली कोटद्वार को कंप्यूटर उपलब्ध कराए गए। इस दौरान आमजन से भी साइबर अपराधों के प्रति सतर्क और जागरूक रहने की अपील की गई।


कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध पुलिस और आमजन के सामने एक महत्वपूर्ण चुनौती बनकर उभरा है। ऐसे में पुलिस प्रशासन को आधुनिक तकनीकी संसाधनों से सुसज्जित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता से साइबर अपराधों की निगरानी और रोकथाम के साथ पुलिस के दैनिक कार्यों को भी अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने आधारशिला संस्था के संस्थापक नरेश घिल्डियाल की ओर से पुलिस प्रशासन को तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से किए जाने वाले ऐसे प्रयास पुलिस को तकनीकी रूप से मजबूत करने के साथ ही जनसुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहायक होते हैं। कार्यक्रम के दौरान कोतवाली पुलिस को कंप्यूटर सौंपे गए। साथ ही इनके उपयोग और अन्य तकनीकी पहलुओं से संबंधित जानकारी भी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन संसाधनों का उपयोग साइबर अपराधों की निगरानी, शिकायतों के प्रबंधन और पुलिस कार्यों से जुड़े डाटा को व्यवस्थित करने में किया जा सकेगा। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर, थानाध्यक्ष प्रदीप नेगी, आधारशिला संस्थान के संस्थापक नरेश घिल्डियाल, सुनीता कोटनाला सहित पुलिस अधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *