दशकों पुरानी मांग हुई पूरी, बालागंज-लूथापुर में 2.47 किमी सड़क का शिलान्यास

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर के प्रत्येक वार्ड में बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने वार्ड नंबर 33 के बालागंज-लूथापुर क्षेत्र में 2.47 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।


शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बालागंज-लूथापुर के लोग पिछले कई दशकों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। कुछ माह पूर्व क्षेत्रवासियों ने उनके समक्ष भी समस्या रखी थी। अब सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र का समग्र और संतुलित विकास उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र के प्रत्येक हिस्से में सड़क, पेयजल, विद्युत और जल निकासी समेत मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। दशकों से बदहाल सड़कों की मरम्मत के साथ नई सड़कों का निर्माण भी कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क सुविधा किसी भी क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण जरूरत है। बालागंज-लूथापुर में सड़क बनने से स्थानीय नागरिकों के साथ विद्यार्थियों और अन्य लोगों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में अधिशासी अभियंता निर्भय सिंह, मंडल अध्यक्ष आशीष रावत, पार्षद राजेंद्र बिष्ट, जेपी बहुखंडी, मनीष नैथानी, प्रमोद केष्टवाल, मनीष भट्ट, पूरन खुल्बे, विवेक भारती, सिमरन बिष्ट, राजीव डबराल, अर्चना गौड़, सरोज बाला, ज्योति जखमोला सहित क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *