जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में छात्रसंघ चुनाव को लेकर गुरुवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। विभिन्न छात्र संगठनों और समूहों से जुड़े प्रत्याशियों ने अलग-अलग पदों के लिए नामांकन दाखिल किए। इसके साथ ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने महाविद्यालय परिसर में छात्रों से संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान की अपील की।

महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव के लिए 29 सितंबर को मतदान होना है। महाविद्यालय प्रशासन की ओर से नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी समेत अन्य चुनावी प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराई जा रही है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन के बाद 26 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच और वैध प्रत्याशियों की सूची जारी की जानी है। गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई), वंदे मातरम् ग्रुप, जय हो और उत्तराखंड स्टूडेंट फेडरेशन (यूएसएफ) से जुड़े प्रत्याशियों ने विभिन्न पदों के लिए नामांकन दाखिल किए। एबीवीपी की ओर से अध्यक्ष पद पर अनिकेत डुगलचा, उपाध्यक्ष पद पर क्षितिज अग्रवाल, सचिव पद पर मानस और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर उज्ज्वल गौड़ ने नामांकन किया। एनएसयूआई की ओर से कोषाध्यक्ष पद के लिए मीनाक्षी नेगी ने नामांकन दाखिल किया। वंदे मातरम् ग्रुप की ओर से अध्यक्ष पद पर मनीष नेगी, उपाध्यक्ष पद पर प्रेरणा, सचिव पद पर शिव कश्यप, सहसचिव पद पर अंकिता और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर प्रेरणा ने नामांकन किया। वहीं जय हो ग्रुप की ओर से अध्यक्ष पद के लिए स्वाति रियाल और सहसचिव पद के लिए काजल ने नामांकन दाखिल किया। महाविद्यालय में नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से छात्रसंघ चुनाव को लेकर परिसर में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रत्याशी छात्र-छात्राओं से संपर्क कर अपने मुद्दे और प्राथमिकताएं उनके समक्ष रख रहे हैं। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद चुनाव मैदान में प्रत्याशियों की अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।