छात्रसंघ चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट, चौराहों से कॉलेज तक रहेगी कड़ी निगरानी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में 29 सितंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। महाविद्यालय परिसर के साथ ही शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


चुनाव की तैयारियों को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ किया। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के साथ ही निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के निर्देश दिए। महाविद्यालय के प्रवेश और निकास द्वारों के अलावा आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की तैनाती की गई है। पुलिस टीमें लगातार गश्त और निगरानी करेंगी। चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रत्याशियों, छात्र-छात्राओं और अन्य लोगों की आवाजाही पर भी नजर रखी जाएगी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और रिजर्व फोर्स को तैयार रखा गया है। पुलिस अधिकारियों को महाविद्यालय के साथ-साथ शहर के प्रमुख चौराहों पर भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

हुड़दंग करने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है और इसे शांतिपूर्ण एवं अनुशासित माहौल में संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है। चुनाव की आड़ में हुड़दंग, मारपीट, अभद्र व्यवहार, जबरन भीड़ जुटाने, धमकी देने या कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने छात्र-छात्राओं से भी चुनाव प्रक्रिया के दौरान शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *