संस्कृत प्रतियोगिताओं में आर्मी पब्लिक स्कूल का शानदार प्रदर्शन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : उत्तराखण्ड सरकार द्वारा आयोजित जयहरीखाल ब्लॉक स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता-2026 में आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडौन के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार सफलता अर्जित की।


जूनियर वर्ग में विद्यालय के विद्यार्थियों ने समूह नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान, वाद-विवाद एवं आशु भाषण प्रतियोगिताओं में द्वितीय स्थान तथा समूह गान प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में विद्यार्थियों ने समूह नृत्य, आशु भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि समूह गान प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा पुरस्कार स्वरूप 4,400 की धनराशि प्रदान की गई। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, वीएसएम ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति-कौशल एवं रचनात्मक प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य विजेंद्र दत्त सुंद्रियाल ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को उनकी शानदार सफलता पर बधाई दी। उन्होंने संस्कृत शिक्षिका संगीता धस्माना, संगीत शिक्षिका शिवांगी पाठक एवं दल शिक्षक आशीष जोशी के मार्गदर्शन एवं अथक प्रयासों की भी सराहना की। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों को हार्दिक बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *