जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर गढ़वाल : हेमवती नन्दन बहुगुणा गढ़वाल केन्द्रीय विश्वविद्यालय ने सी0बी0सी0एस0 प्रणाली के अंतर्गत नामांकित रहे छात्र-छात्राओं के लिए एक महत्वपूर्ण राहत भरी अधिसूचना जारी की है। विश्वविद्यालय की विद्या परिषद की 25वीं बैठक में लिए गए निर्णय के तहत, सत्र 2015-2016 से 2021-2022 के दौरान नामांकित स्नातक और स्नातकोत्तर के ऐसे छात्रों को अपनी डिग्री पूरी करने का अंतिम ‘विशेष अवसर’ दिया जा रहा है, जो किसी एक विषय के कारण अपनी उपाधि हासिल नहीं कर पाए थे।

सत्र 2015-16 से 2021-22 के बीच नामांकित वे छात्र-छात्राएं जिनकी डिग्री किसी भी सेमेस्टर के केवल एक प्रश्नपत्र (थ्योरी या प्रैक्टिकल) में अनुत्तीर्ण होने या छूट जाने के कारण अटकी हुई है, वे इस विशेष परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन 28 सितम्बर से शुरू होगें तथा आवेदन की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। परीक्षा शुल्क पांच हजार रूपये निर्धारित किया गया है, जबकि परीक्षा केंद्र बिड़ला परिसर श्रीनगर होगा। विषम सेमेस्टर परीक्षा का आयोजन दिसम्बर 2026 की परीक्षाओं के साथ किया जाएगा, जबकि सम सेमेस्टर परीक्षा का आयोजन मई 2027 की मुख्य परीक्षाओं के साथ होगा। इच्छुक छात्र विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं। यदि परीक्षा फॉर्म भरने में कोई तकनीकी या अन्य समस्या आती है, तो अभ्यर्थी संबंधित महाविद्यालय/संस्थान या परीक्षा अनुभाग अधिकारी से दूरभाष संख्या 9410127055 पर संपर्क कर सकते हैं।