जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : बुधवार को राजकीय महाविद्यालय सतपुली में छात्र संघ चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी होने के बाद चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। नामांकन पत्रों की बिक्री के दौरान विभिन्न पदों के लिए छात्र-छात्राओं ने उत्साह दिखाया। महाविद्यालय में कुल 13 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई।

महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ0 किशोरी लाल शाह से मिली जानकारी के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए सर्वाधिक चार नामांकन पत्र खरीदे गए। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए तीन, महासचिव पद के लिए दो, सह सचिव पद के लिए एक, कोषाध्यक्ष पद के लिए एक तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए दो नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। नामांकन पत्रों की बिक्री के साथ ही महाविद्यालय परिसर में छात्र संघ चुनाव को लेकर सरगर्मी बढ़ने लगी है। विभिन्न पदों पर चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राएं अपने समर्थकों के साथ संपर्क में जुट गए हैं। आगामी दिनों में नामांकन प्रक्रिया के साथ चुनावी तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है। महाविद्यालय के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विपिन चन्द्र एवं प्रशासन द्वारा छात्र संघ चुनाव की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम एवं नियमों के अनुसार संपन्न कराई जाने की बात कही गई।