कोटद्वार-पौड़ी

सड़क पर बिखरा कूड़ा बना परेशानी का सबब

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। नगर निगम क्षेत्र के पटेल मार्ग पर सड़क किनारे बिखरा कूड़ा स्थानीय निवासियों व वहां से गुजर रहे राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। शहर में कूड़े की समस्या दिन प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है, लेकिन नगर निगम इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
नगर की सफाई का जिम्मा नगर निगम के पास है। नगर निगम के चालीस वार्डों में नियमित सफाई न होने से जगह-जगह मुख्य चौराहों पर कूड़े के ढेर लगे रहते है। इसके लिए जहां नगर निगम के कर्मचारी और स्थानीय लोग जिम्मेदार है। स्थानीय लोग इसलिए जिम्मेदार है कि पटेल मार्ग पर मुख्य चौराहे के पास नगर निगम की ओर से कूड़ादान रखा गया है कि इसके बावजूद भी लोग कूड़ा सड़क पर डाल देते है। वहीं नगर निगम के कर्मचारी समय पर कूड़ा नहीं उठाते है। रविवार को पटेल मार्ग स्थित मुख्य चौराहे से दोपहर 12 बजे तक भी कूड़ा नहीं उठ पाया था। जिस कारण स्थानीय निवासियों व वहां से गुजरने वाले राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पटेल मार्ग तिराहा मुख्य तिराहा है। इस तिराहे पर हर समय कूड़े का ढ़ेर लगा रहता है। यह मार्ग यातायात का मुख्य मार्ग है। ऐसे में लोगों को मजबूरन सड़क किनारे फैले बदबूदार कूड़े से होकर गुजरना पड़ता है। इस कूड़े में सड़ी गली सब्जियां और फल भी होते हैं, जिसे खाने के लिए यहां आवारा पशुओं ने स्थाई रूप से अपना घर बना लिया है। ये पशु कई बार सड़क पर भी आ जाते हैं, इससे हमेशा ही सड़क पर हादसा के होने की संभावना बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार इसको लेकर शिकायत की है, मगर नगर निगम की ओर से कूड़ा फेंकने पर रोक नहीं लगाई जा रही है और न ही इसका समय पर उठाव नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कूड़े को लेकर जनता को जागरूक करने की जरूरत है। नगर निगम के नगर आयुक्त पीएल शाह का कहना है कि सफाई कर्मचारियों को समय पर कूड़ा उठाने के लिए निर्देशित किया गया है। लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!