संजय बने एससी-एसटी शिक्षक एसोसिएशन के मंडलीय सचिव
बागेश्वर। अनुसूचित जाति-जनजाति शिक्षक एसोसिएशन ने संजय कुमार टम्टा बुद्धिष्ट को मंडलीय सचिव नियुक्त किया है। ऑनलाइन बैठक के दौरान संगठन के कुमाऊं मंडल के अध्यक्ष डीआर बाराकोटी ने उन्हें यह जिम्मेदारी दी। जिम्मेदारी मिलने के बाद टम्टा ने संगठन का आभार जताया। उन्होंने मंडल स्तर पर संगठन को मजबूत करने, शिक्षकों की समस्याओं के निदान और पुरानी पेंशन बहाली के लिए संघर्ष करने की बात कही। एससी-एसटी शिक्षक एसोसिएशन के कुमाऊं मंडल का सचिव बनने से पहले टम्टा जिला संगठन सचिव के रूप में सेवाएं दे रहे थे। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और बेहतर कार्य के चलते उन्हें मंडलीय सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। टम्टा ने कहा कि अब उनकी जिम्मेदारी अधिक बढ़ गई है। उनकी प्राथमिकता संगठन की मजबूती में योगदान देना है। जिसके लिए सदस्यता बढ़ाने पर फोकस रहेगा। उन्होंने 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों की प्रमुख माग पुरानी पेंशन बहाली के लिए चल रहे संघर्ष में सहयोग करने की बात कही। कहा कि वह शिक्षकों के सहयोग से इस संघर्ष को अंजाम तक पहुंचाने के लिए प्रत्यन करेंगे। इधर उनके मंडल महासचिव नियुक्त होने पर संगठन के जिलाध्यक्ष हरीश आगरी, महासचिव विवेकानंद टम्टा, कोषाध्यक्ष गोविंद आगरी, नवल किशोर, संजय कुमार टम्टा, जेपी आगरी, अनिल टम्टा, भगवती प्रसाद आगरी सहित अन्य शिक्षकों ने खुशी जताई है।