जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम क्षेत्र के मेहरबान सिंह कंडारी सरस्वती विद्या इंटर कालेज में उत्तराखंड संस्कृत संस्थान की ओर से खंड स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर संस्कृत भाषा के प्रति अपनी प्रतिभा और रुचि का प्रदर्शन किया। समूह नृत्य और समूहगान प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कालेज कोटद्वार ने प्रथम स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ योगंबर सिंह रावत, प्रधानाचार्य चंद्र सिंह नकोटी, बीना गौड़ और डा. रमाकांत कुकरेती ने संयुक्त रूप से किया। प्रतियोगिताओं के तहत सबसे पहले संस्कृत समूह नृत्य का आयोजन किया गया। इसमें राजकीय इंटर कालेज कोटद्वार प्रथम, बालिका इंटर कालेज दुगड्डा द्वितीय और श्री सिद्धबली गुरुकुल संस्कृत विद्यालय तृतीय स्थान पर रहा। संस्कृत समूहगान प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कालेज कोटद्वार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालिका इंटर कालेज कण्वघाटी द्वितीय और बालिका इंटर कालेज दुगड्डा तृतीय रहा। संस्कृत नाटक प्रतियोगिता में श्री सिद्धबली गुरुकुल संस्कृत विद्यालय कोटद्वार प्रथम, राजकीय इंटर कालेज कोटद्वार द्वितीय और राजकीय इंटर कालेज कण्वघाटी तृतीय स्थान पर रहा। संस्कृत वाद-विवाद प्रतियोगिता में आदर्श विद्या निकेतन कोटद्वार ने प्रथम, श्री सिद्धबली गुरुकुल संस्कृत विद्यालय कोटद्वार ने द्वितीय और राजकीय इंटर कालेज कोटद्वार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। संस्कृत आशुभाषण में श्री सिद्धबली गुरुकुल संस्कृत विद्यालय कोटद्वार प्रथम, एमकेवीएन कण्वघाटी द्वितीय और आदर्श विद्या निकेतन तृतीय रहा। श्लोकोच्चारण प्रतियोगिता में महर्षि कण्व विद्या निकेतन कण्वघाटी प्रथम, राजकीय इंटर कालेज कोटद्वार द्वितीय और श्री सिद्धबली गुरुकुल संस्कृत विद्यालय कोटद्वार तृतीय स्थान पर रहा। इस अवसर पर पूजा घनसेला, विनीता बिष्ट, आंचल, श्रीकांत दुदपुड़ी, डा. रोशन बलूनी और कुलदीप मैंदोला आदि मौजूद रहे।