जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पुलिस क्षेत्राधिकारी अस्मिता ममगाईं ने कालागढ़ थाने का अद्र्धवार्षिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस कर्मियों को साफ-सफाई, अनुशासन बनाए रखने के साथ ही लंबित मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीओ ने थाना परिसर, कर्मचारी बैरक, भोजनालय, महिला हेल्प डेस्क और हवालात समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद मालखाना, माल मुकदमाती संपत्ति, आम्र्स-एम्युनिशन, एफआइआर, विभिन्न रजिस्टरों और विवेचना संबंधी अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों, समन और वारंटों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कहा कि सभी मामलों में कार्रवाई गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से की जाए। क्षेत्र की संवेदनशीलता और आगामी त्योहारों को देखते हुए उन्होंने गश्त और पिकेट चेकिंग बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने तथा सत्यापन अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में नशामुक्ति अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने को कहा।