जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पूर्व सैनिक संघर्ष समिति ने कोटद्वार स्थित ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक में एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराने और परिसर में वेलनेस सेंटर का निर्माण कराने की मांग उठाई है। इस संबंध में समिति के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में सांसद अनिल बलूनी से मुलाकात कर उन्हें समस्याओं से अवगत कराया।

समिति के अध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह रावत के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल सांसद के दिल्ली स्थित आवास पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक में एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध होने से पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। साथ ही परिसर में वेलनेस सेंटर बनने से उन्हें स्वास्थ्य एवं फिटनेस संबंधी सुविधाओं का लाभ मिलेगा। सांसद अनिल बलूनी ने दोनों मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में गोपाल सिंह नेगी और अनसूया प्रसाद सेमवाल शामिल रहे।