विद्यार्थी नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जयहरीखाल में एंटी ड्रग सेल के तत्वावधान में बुधवार को “ट्रेक फॉर ड्रग-फ्री देवभूमि” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करने के साथ-साथ उनमें शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना रहा।


कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने पहाड़ी क्षेत्र में ट्रेकिंग की तथा रास्ते में आने वाले ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देते हुए लोगों को नशे से दूर रहने तथा युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में एडवेंचर टूरिज्म को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। विद्यार्थियों ने ट्रेकिंग के माध्यम से फिटनेस को बढ़ावा देने तथा मानसिक तनाव को कम करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. एस. ए. अंसारी ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर ही नशामुक्त देवभूमि के संकल्प को मजबूत किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *