पोषण पर ध्यान देकर ही रखी जा सकती है स्वस्थ समाज की नींव

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने कहा कि स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चा ही सशक्त समाज की मजबूत नींव हैं। जच्चा और बच्चा देश का भविष्य हैं, इसलिए गर्भवती व धात्री महिलाओं के साथ ही बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने महिलाओं से केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से संचालित कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।


नजीबाबाद रोड स्थित रोटरी क्लब सभागार में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बच्चों के समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए पौष्टिक और संतुलित आहार बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं कल्याण के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही हैं। इन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ ही उनके प्रति जागरूकता बढ़ाना भी जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को लक्ष्मी किट वितरित की गई। साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और संतुलित आहार को लेकर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जागरूक किया गया। गर्भवती और धात्री माताओं को बच्चों के बेहतर पोषण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शशिबाला केष्टवाल, मंडल अध्यक्ष विकासदीप मित्तल, सीडीपीओ शशि भट्ट, संतोषी गुसाईं, सैला रतूड़ी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *