बागेश्वर। जनपद के करड़िया गांव निवासी सतीश चंद्र कर्नाटक भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। सतीश चंद्र कर्नाटक, रमेश चंद्र कर्नाटक और प्रेमा कर्नाटक के पुत्र हैं। उन्होंने प्राथमिक शिक्षा प्राथमिक विद्यालय भेटा से प्राप्त की। वर्ष 2011 में वह भारतीय सेना की सिग्नल कोर में सिपाही के पद पर भर्ती हुए। सेवा के दौरान उन्होंने अधिकारी बनने का लक्ष्य निर्धारित किया और लगातार तैयारी जारी रखी। कड़ी मेहनत और लगन के बल पर वर्ष 2025 में उनका चयन 34 एसएसबी प्रयागराज के माध्यम से हुआ। इसके बाद उन्होंने भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून में प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद 13 जून 2026 को उन्हें सिग्नल कोर में लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन मिला। सतीश की सफलता पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। लोगों ने उनकी उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया है।