सतपुली और स्यूंसी झील परियोजनाओं से पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान : महाराज

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : काबीना मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि सतपुली और स्यूंसी झील परियोजनाएं क्षेत्र में पर्यटन विकास के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा देंगी। इन परियोजनाओं से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं के साथ लोगों की आजीविका भी मजबूत होगी।
बुधवार को अपने क्षेत्र भ्रमण के पांचवें दिन उन्होंने सतपुली मंडल के ग्राम पंचायत कुल्हाड़ में 1.23 करोड़ रूपये (123.18 लाख) की लागत से बनने वाले दो किलोमीटर लंबे कुल्हाड़ बैंड-किनसूर-कैंडुल-डलगांव-उमन-किनसूर मोटर मार्ग का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और विधानसभा क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी भी साझा की। सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, जमरानी बांध और सौंग बांध जैसी योजनाएं प्रदेश के विकास को नई गति प्रदान करेंगी। उन्होंने बताया कि सतपुली में करीब 56 करोड़ रुपये की लागत से 750 मीटर लंबी झील का निर्माण किया जा रहा है। झील बनने के बाद यहां वाटर स्पोट्र्स, साहसिक पर्यटन और पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि बीरोंखाल विकासखंड में 123.41 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित स्यूंसी झील (बैराज) परियोजना पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ जल संरक्षण और पेयजल संकट के समाधान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह बहुउद्देशीय परियोजना क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और स्थानीय लोगों के लिए आजीविका के नए साधन विकसित करने में सहायक होगी। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर भाजपा युवा नेता सुयश रावत, जिलाध्यक्ष कमल किशोर, मंडल अध्यक्ष सर्वेन्द्र, जिला मंत्री बृजमोहन, बूथ अध्यक्ष दिगम्बर, सुरेन्द्र सिंह, गबर सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष अंकित, अनिता देवी, सुरेश कुमार, एसडीएम रेखा आर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *