मंदिरों में चोरी की घटनाओं पर कांग्रेस ने जताया रोष, चढ़ावे में पारदर्शिता की उठाई मांग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मंदिरों में हो रही चोरी की घटनाओं पर गहरी चिंता और रोष व्यक्त किया है। उनका कहना है कि भगवान करोड़ो लोगों की आस्था के केंद्र हैं और मंदिरों में चोरी की घटनाएं श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं। उन्होंने मंदिरों में मिलने वाले चढ़ावे और दानराशि के उपयोग में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
बुधवार को क्षेत्र के एक मंदिर परिसर में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सदस्य राजपाल बिष्ट ने कहा कि भगवान श्रीराम और भगवान बद्रीनाथ करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र्र हैं। ऐसे में उनके नाम पर प्राप्त चंदे और चढ़ावे का उपयोग पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ होना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी मंदिर या धार्मिक संस्था में चंदे के दुरुपयोग, गबन या वित्तीय अनियमितता के आरोप सामने आते हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक राजनीतिक दल या संगठन के नहीं, बल्कि पूरे देश की आस्था और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। इसलिए धार्मिक संस्थाओं में पारदर्शिता बनाए रखना और श्रद्धालुओं के विश्वास की रक्षा करना सभी की साझा जिम्मेदारी है। बैठक में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मंदिरों में हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने, धार्मिक संस्थाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा जनविश्वास को मजबूत बनाने की मांग की। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पोखड़ा के अध्यक्ष विजेंद्र दर्शन रावत, एआईसीसी सदस्य राजपाल बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख संजय गुसाईं, हर्षवर्धन बिष्ट, नवीन रावत, संजीव सिंह, राजेंद्र सिंह, सुमित, देवेंद्र सिंह, सतेंद्र सिंह नेगी, विनिल बिष्ट, पोखड़ा प्रभारी संजय डबराल, संदीप कंडारी, कुंवर सिंह, दीपक नेगी, जितेंद्र बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस आशीष नेगी, राष्ट्रीय संयोजक युवा कांग्रेस मोहित सिंह सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *