जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लगातार हो रही बरसात के कारण चिल्लरखाल-लालढांग मोटर मार्ग पर बहने वाले बरसाती गदेरे दूसरे दिन भी उफान पर रहे। तेज बहाव के चलते मार्ग पर वाहनों की आवाजाही लगभग ठप रही। इसके बावजूद कुछ वाहन चालक जोखिम उठाकर मार्ग पार करने का प्रयास करते रहे।
पिछले दो दिनों से मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। इसका सबसे अधिक असर चिल्लरखाल-लालढांग मार्ग पर पड़ा है। मार्ग के बीच पड़ने वाले सिगड्डी, मैली और चमरिया बरसाती स्रोत उफान पर हैं, जिससे आवागमन बेहद जोखिमपूर्ण बना हुआ है। बुधवार सुबह कोटद्वार क्षेत्र में हल्की बारिश हो रही थी, लेकिन ऊपरी पर्वतीय क्षेत्रों में हुई तेज वर्षा के कारण बरसाती स्रोतों का जल स्तर अचानक बढ़ गया। इससे कई घंटों तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से वर्षाकाल के दौरान इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने तथा जल स्तर अधिक होने पर यातायात रोकने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही वाहन चालकों से भी बरसाती गदेरों में जल स्तर अधिक होने पर जोखिम उठाकर मार्ग पार न करने की अपील की गई है।