स्कूली बच्चों को किताब, बैग, स्वेटर और जूते वितरित किये
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। रिखणीखाल विकासखंड के अंतर्गत ग्राम सिरसवाड़ी में समारंभ सामाजिक संस्था के द्वारा स्कूली बच्चों को जहां जूते, किताब, बैग, स्वेटर वितरित किए गए, वहीं पहाड़ के वाद्य यंत्रकारों को ढोल, दमाऊ और मसकबीन भेंटकर समारंभ संस्था ने पहाड़ के परंपरागत संस्कृति कर्मियों को सम्मानित किया।
ग्राम सभा सिरसवाड़ी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष रंजना रावत ने कहा कि सामाजिक संस्था समारंभ विगत कई वर्षों से अपने पहाड़ की माटी से जुड़कर उत्तराखंड पहाड़ के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार के क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रही है, इसके लिए संस्था के मयंक खंतवाल और उनके सभी साथी साधुवाद के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि मयंक खंतवाल ने पहाड़ की सेवा करने का जो बीड़ा उठाया है यह उनके सच्चे उत्तराखंडी होने के साथ ही पहाड़ की माटी से जुड़कर पहाड़ की सेवा करने का जीवंत प्रमाण भी है। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ती आशा देवी, रीना देवी सहित सामाजिक सरोकारों से जुड़कर कार्य करने वाले स्थानीय पोस्ट मास्टर वेद प्रकाश सेमवाल, आशा कार्यकर्ती आशा देवी, स्थानीय पटवारी अमित भट्ट, शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाली शिक्षिका नीलम, संगीता नेगी, भोजन माता पार्वती देवी, रोजगार सेवक विनोद सेमवाल, स्थानीय जागरी लाला राम मलासी को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष मयंक खंतवाल, संयोजक मंडल के कुलदीप खंतवाल, प्रमुख रिखणीखाल मनोहर देवरानी, जिला पंचायत सदस्य विनय पाल सिंह नेगी, ग्राम प्रधान नेहा नेगी, सामाजिक कार्यकर्ता सुमन नेगी आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुमन नेगी ने किया।