जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : विकासखंड के गुलदार प्रभावित कमंद गांव समेत 16 विद्यालयों में शुक्रवार से विद्यालयों को फिर से खोला जा सकेगा। जनपद में 22 व 23 मई को दो दिवसीय मासिक परीक्षाएं आयोजित होनी हैं। छ: दिन के अवकाश के बाद अब शुक्रवार से प्रभावित क्षेत्र के विद्यालयों को फिर से खोला जाना है। वन विभाग की टीम गांव में गश्त कर रही है।
बीते 15 मई को कमंद गांव में गुलदार की घटना के बाद से ही क्षेत्र के 16 विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया था। मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेश सयाना ने बताया कि मासिक परीक्षाओं के चलते विद्यालयों को फिर से संचालित किया जाना आवश्यक है। बताया कि गुलदार प्रभावित क्षेत्र के विद्यालयों में बच्चों को लाने ले जाने की जिम्मेदारी अभिभावकों की होगी, जबकि विद्यालय में बच्चे शिक्षकों की सुरक्षा में रहेंगे। उन्होंने बताया कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार हो रहे गुलदार के हमलों को देखते हुए शासन से फ्लोटिंग स्कॉर्ट की मांग की गई है। इसके लिए शासन को पत्र भेजा गया है। वहीं गढ़वाल वन प्रभाग पौड़ी की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि गुलदार टीम की पकड़ से बाहर है। गांव में विभाग की गश्ती टीम, 20 सीसीटीवी और ट्रैप कैमरे व पांच पिंजरे लगाए गए हैं।