जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडौन में विद्यार्थियों की रचनात्मकता एवं वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दो दिवसीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों में वैज्ञानिक अवधारणाओं, तकनीकी एवं गणितीय सिद्धांतों, कंप्यूटर तकनीक तथा भाषाई विषयों की रचनात्मक अभिव्यक्ति देखने को मिली। विद्यार्थियों ने अपने-अपने मॉडलों की कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया।

प्रदर्शनी का उद्घाटन विद्यालय के चेयरमैन, ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, बीएसएम, कमांडेंट, जीआरआरसी, विद्यालय की संस्थापक प्रधानाचार्या वसुंधरा मायाकोटी ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर किया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विज्ञान के साथ-साथ गणित, सामाजिक विज्ञान, अंग्रेजी, कंप्यूटर, हिंदी, संस्कृत एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित विभिन्न कार्यशील मॉडल प्रस्तुत किए। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मॉडलों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए विभिन्न प्रश्न पूछे और उन्हें जीवन में निरंतर सोचने तथा नई संभावनाओं की खोज करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को मंत्र के रूप में एक शब्द ‘सोच’ अपनाने का संदेश दिया और कहा कि निरंतर सोचने एवं सीखने की प्रवृत्ति उन्हें जीवन में उन्नति के शिखर तक पहुंचाने में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की प्रतिभा, नवाचार एवं रचनात्मक सोच प्रभावी रूप से प्रदर्शित हुई है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य विजेंद्र दत्त सुंद्रियाल, रेखा नेगी, चेयरपर्सन एफ.डब्ल्यू.ओ., ऋचा लेगवाल आदि मौजूद थे।