बदरीनाथ हाईवे : कमेड़ा में करोड़ों के सुरक्षा कार्य धंसे

Spread the love

गौचर। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर गौचर के समीप स्थित कमेड़ा भूस्खलन जोन में हाल ही में करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से कराए गए सुरक्षा एवं स्लोप प्रोटेक्शन कार्य धंस गए हैं। निर्माण कार्य पूरा होते ही हाईवे के नीचे की सुरक्षा दीवार ढहने और सड़क का ढांचा प्रभावित होने पर प्रशासन ने एहतियातन कुछ समय के लिए यातायात वन-वे कर दिया है। ऐसे में यहां यात्रियों को जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। यहां वर्ष 2013 की भीषण आपदा में अलकनंदा के कटाव से सड़क का बड़ा हिस्सा 500 मीटर गहराई में समा गया था। इस नासूर के स्थायी समाधान के लिए बीते वर्ष भारत कंस्ट्रक्शन कंपनी को नदी तट से हाईवे तक सुरक्षा दीवार और स्लोप प्रोटेक्शन का जिम्मा दिया गया था। मगर यह काम करीब डेढ़ माह भी नहीं टिक पाया। वहीं भारत कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर उस्मान अली का कहना है कि पहाड़ी पर डेढ़ किमी ऊपर से मंदिर के नीचे तक जमीन के 15-20 मीटर अंदर भारी पानी का रिसाव हो रहा है। इसी भूमिगत इरोजन (क्षरण) के कारण करीब 20 मीटर क्षेत्र में निर्माण क्षतिग्रस्त हुआ है। जल्द इंजीनियरिंग एक्सपट्र्स को बुलाकर नए सिरे से सर्वेक्षण कराया जाएगा। दूसरी ओर निर्माण ध्वस्त होने पर गौचर, कांग्रेस प्रदेश सचिव मुकेश नेगी व नगर अध्यक्ष जगदीश कनवासी, ग्राम प्रधान कमेड़ा भागवत प्रसाद मैठाणी, व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल, सामाजिक कार्यकर्ता बीरेंद्र सिंह राणा, वार्ड सभासद बंदना राणा, गौरव कपूर, जनकल्याण लोक सेवा समिति के अध्यक्ष सुनील पंवार आदि ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
रामपुर के पास भू-धंसाव का दायरा बढ़ा
फाटा। केदारघाटी में हो रही लगातार बारिश के कारण रामपुर के समीप स्थित हो रहे भूधंसाव का दायरा बढ़ गया है। स्थिति यह है कि सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने के बाद अब सड़क का भू-भाग भी धंसने से यहां आवाजाही जोखिमभरी हो गई है। मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और केदारनाथ व त्रियुगीनारायण जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रामपुर के समीप करीब 60 मीटर मार्ग पिछले कई वर्षों से भू-धंसाव की चपेट में है। इसी वर्ष करीब 50 लाख रुपये की लागत से यहां सुरक्षा दीवार का निर्माण कराया गया था लेकिन बारिश के दौरान यह कई बार धंस चुकी है। अब यहां भू-धंसाव का दायरा बढ़ गया है। स्थानीय अर्जुन सिंह ने कहा कि हर वर्ष अस्थायी कार्यों पर धन खर्च किया जा रहा है लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने शीघ्र ठोस कार्ययोजना बनाकर इस क्षेत्र का स्थायी उपचार करने की मांग की। इधर, राष्ट्रीय राजमार्ग के सहायक अभियंता ओंकार पांडे ने बताया कि संबंधित ठेकेदार की ओर से यहां निर्माण कार्य जारी है। जल्द स्थायी समाधान के प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *