श्रीनगर गढ़वाल : क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार चन्द ने महिला थाने का अद्र्धवार्षिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और अभिलेखों की जांच की। उन्होंने लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों, समन और वारंटों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीओ ने थाना परिसर, कर्मचारी बैरक, महिला हेल्प डेस्क, हवालात और मालखाने का जायजा लिया। उन्होंने एफआईआर रजिस्टर, विवेचना रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की भी जांच की और साफ-सफाई व अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। आगामी त्योहारों को देखते हुए चेकिंग और निगरानी बढ़ाने के साथ सत्यापन अभियान में तेजी लाने को कहा गया। उन्होंने नशा मुक्ति अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रमों को भी प्रभावी तरीके से संचालित करने पर जोर दिया। (एजेंसी)