शिक्षक ही जीवन को सही दिशा दिखाते हैं : अनिल बलूनी

Spread the love

वीर चंद्र सिंह गढ़वाली उत्थान समिति की ओर से आयोजित किया गया कार्यक्रम
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि समाज के बेहतर निर्माण में दिया जा रहा शिक्षकों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। शिक्षक देव को बेहतर दिशा व राह दिखाने का कार्य करते हैं। इस दौरान उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर योगदान देने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया।


शनिवार को वीर चंद्र सिंह गढ़वाली उत्थान समिति की ओर से प्रेक्षागृह में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी, कोटद्वार महापौर शैलेद्र रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, प्रदेश मंत्री सतीश लखेड़ा एवं समिति अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह बिष्ट ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में शिक्षक का महत्वपूर्ण योगदान होता है। शिक्षक अपने ज्ञान और संस्कारों से विद्यार्थियों को जीवन की सही दिशा प्रदान करते हैं। समिति अध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र और भविष्य के सचेतक हैं। शिक्षकों के सम्मान के बिना आदर्श समाज की परिकल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षक न केवल विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करते हैं, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कहा कि उनकी ओर से प्रति वर्ष शिक्षकों को सम्मानित किया जाता है। विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी ने कहा कि वह स्वयं भी शिक्षिका रह चुकी हैं और शिक्षक की जिम्मेदारी को भली-भांति समझती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों को देश, समाज और जीवन के प्रति जागरूक करने के साथ ही उनमें जिम्मेदारी और राष्ट्रभाव की भावना विकसित करता है। समारोह में नगर के विभिन्न विद्यालयों ने सहभागिता की। छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय कोच सुनील रावत ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन राकेश मोहन ध्यानी ने किया। आयोजन में सुनील रावत, सुरेश शर्मा, कमल नेगी, ऋतु चमोली, पंकज भाटिया, हेमंत गौड़, गौरव मिश्रा, अनीता आर्य, अनुराग कोटनाला, हरि सिंह पुंडीर, विजय सिंह रावत सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य, शिक्षक एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *