जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रोटरी क्लब कोटद्वार के तत्वावधान में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कोटद्वार में शिक्षक दिवस पर समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाली सात शिक्षिकाओं को प्रशस्तिपत्र एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी क्लब की अध्यक्ष प्रतिभा गुप्ता एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या बबीता ध्यानी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर तथा भारत के द्वितीय राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इस अवसर पर रोटरी अध्यक्ष प्रतिभा गुप्ता ने छात्राओं को डॉ. राधाकृष्णन के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि छात्राएं अपने शिक्षकों का सम्मान करते हुए ज्ञान, संस्कार एवं सेवा की भावना को जीवन का हिस्सा बनाएं। डॉ. राधाकृष्णन ने अपने ज्ञान, सरलता और व्यक्तित्व से समाज में विशेष स्थान बनाया था। प्रधानाचार्या बबीता ध्यानी ने गुरु-शिष्य परंपरा, शिक्षा के महत्व तथा शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में डीपी सिंह, ऊषा अग्रवाल, सीमा रावत, मधु जोशी एवं नीलम नेगी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। विद्यालय की ओर से उपस्थित सभी सम्मानित शिक्षिकाओं एवं रोटरी क्लब के सदस्यों का स्वागत किया गया। समारोह में प्रधानाचार्या बबीता ध्यानी, पूर्व छात्रावास वार्डन सीमा रावत, प्रवक्ता विज्ञान मधु जोशी, प्रवक्ता चित्रकला नीलम नेगी, राजकीय डिग्री कॉलेज के सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. केएस नेगी, जवाहर नवोदय विद्यालय की सेवानिवृत्त उप-प्रधानाचार्या वीना रावत तथा आदर्श विद्या मंदिर, नगीना की पूर्व अध्यापिका प्रतिभा गुप्ता को प्रशस्तिपत्र एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सचिव वीना रावत ने किया, जबकि कार्यक्रम संयोजक संजीव अग्रवाल रहे। समारोह में अध्यक्ष प्रतिभा गुप्ता, सचिव वीना रावत, उपाध्यक्ष विजय कुमार, डीपी सिंह, विजय कुमार माहेश्वरी, संयोजक संजीव अग्रवाल, डॉ. केएस नेगी, ऊषा अग्रवाल, ज्योति स्वरूप उपाध्याय, गोपाल बंसल, धीरजधर बछवाण, मनीष अग्रवाल सहित रोटरी क्लब के सदस्य एवं विद्यालय की शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।