मुंबई , महाराष्ट्र के पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में पिछले कुछ दिनों में 16 लोगों की मौत के बाद हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों के बीच इन मौतों को जहरीली शराब से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस दावे से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। मामले की जांच जारी है।
जानकारी के मुताबिक, पुणे-मुंबई हाईवे स्थित पिंपरी-चिंचवड़ के फुगेवाड़ी इलाके में एक ही दिन में 7 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद 4 और लोगों की जान चली गई। वहीं पुणे शहर में पहले 3 मौतें सामने आई थीं, जिनकी संख्या अब बढ़कर 5 हो गई है। कुछ अन्य लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है।
फुगेवाड़ी क्षेत्र में अवैध हाथभट्टी और देसी शराब के अड्डों के संचालन को लेकर स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है। लोगों के बीच चर्चा है कि मौतों के पीछे जहरीली शराब हो सकती है। हालांकि, दापोडी पुलिस ने इन दावों को अफवाह बताते हुए कहा है कि शुरुआती जांच में सभी मौतें अलग-अलग कारणों से हुई प्रतीत होती हैं।
पुलिस के अनुसार, पांडुरंग फुगे (57) की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई। विजय राठौड़ (31) और राजेंद्र राठौड़ (34) नामक दो सगे भाइयों की मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई गई है। राजेंद्र राजपूत (51) की मौत बाथरूम में चक्कर खाकर गिरने से हुई बताई गई है। वहीं अकबर पठान (52) लंबे समय से अत्यधिक शराब सेवन के आदी थे।
पुलिस का दावा है कि शुरुआती 5 मृतकों में से 4 को शराब की लत नहीं थी। अब तक किसी भी परिजन ने जहरीली शराब को लेकर शिकायत दर्ज नहीं कराई है। बाद में आनंद काशीनाथ निकालजे और आनंद पांडेराव देसाई की भी मौत हुई, जिनके मामलों की जांच जारी है। इसके अलावा पिंपरी-चिंचवड़ में 4 अन्य मौतों की वजह भी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
उधर, पुणे शहर में हुई 5 मौतों को लेकर भी स्थानीय लोगों ने जहरीली शराब की आशंका जताई है। मृतक कालेपडल और हडपसर थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। सभी में उल्टी और तेज पेट दर्द जैसे समान लक्षण पाए गए थे। पुणे पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आधिकारिक तौर पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।