नईदिल्ली, श्रेयस अय्यर ने अपने आईपीएल करियर में एक और मील का पत्थर जोड़ लिया है. वो बतौर कप्तान 100 आईपीएल मैच पूरे करने वाले पांचवें खिलाड़ी बन गए हैं. अय्यर ने ये उपलब्धि आईपीएल 2026 के 61वें मैच (पीबीकेएस बनाम आरसीबी) में हासिल की. इसके साथ ही अय्यर टूर्नामेंट के इतिहास के कुछ सबसे सफल कप्तानों की लिस्ट में शामिल हो गए. अय्यर से पहले ये उपलब्धि सिर्फ एमएस धोनी, गौतम गंभीर, विराट कोहली और रोहित शर्मा ही हासिल कर पाए हैं.
31 साल के अय्यर ने आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स की कप्तानी की. इस दौरान उन्होंने इन तीन टीमों को अपनी कप्तानी में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया.
अय्यर ने सबसे पहले 2018 में दिल्ली कैपिटल्स की कमान संभाली थी और 41 मैचों में कप्तानी की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली को 2019 में सात साल बाद प्लेऑफ में पहुंचाया और 2020 में उसके पहले आईपीएल फाइनल तक पहुंचाया था.
उसके बाद में अय्यर कोलकाता नाइट राइडर्स में चले गए, जहां उन्होंने 2022 से 2024 के बीच 29 मैचों में टीम की कप्तानी की और 2024 में आईपीएल का खिताब जीतकर फ्रैंचाइजी का लंबे समय से चला आ रहा ट्रॉफी का इंतजार खत्म किया. उन्हीं की कप्तानी में केकेआर तीसरी बार चैंपियन बना था.
इसके बाद अय्यर 2025 में पंजाब किंग्स के साथ जुड़ गए और अपनी कप्तानी के पहले ही साल में इस टीम को फाइनल तक पहुंच दिया. इसके साथ ही अय्यर आईपीएल के इतिहास में ऐसे अकेले कप्तान बन गए हैं जिन्होंने तीन अलग-अलग टीमों को टूर्नामेंट के फाइनल तक पहुंचाया है.
कप्तान के तौर पर अपने शुरुआती 99 मैचों में अय्यर ने 56 जीत दर्ज की है. जिनमें दो सुपर ओवर की जीते भी शामिल हैं. जबकि उन्हें 40 मैचों में हार का सामना करना पड़ा. तीन मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला. इस हिसाब से उनकी सफलता दर 58.3 प्रतिशत रही है, जो ढ्ढक्करु के इतिहास में कप्तानों के बीच जीत के सबसे अच्छे प्रतिशत के मामले में धोनी के बराबर है.
इस ऑल-टाइम लिस्ट में सबसे ऊपर धोनी का नाम है, जिन्होंने 2008 से 2025 के बीच चेन्नई सुपर किंग्स और राइजिंग पुणे सुपरजायंट के लिए कुल 235 आईपीएल मैचों में कप्तानी की है. इसके बाद रोहित शर्मा (158), विराट कोहली (143) और गौतम गंभीर (129) का नाम आता है.
अय्यर की कप्तान में इस सीजन में भी पंजाब किंग्स ने शानदार शुरुआत की थी. लगातार सात मैचों में अजेय रही, जिसमें छह जीतें और एक बेनतीजा रहा मैच शामिल है. हालांकि, सीजन के बीच में ही उनकी रफ्तार अचानक धीमी पड़ गई, और लगातार पांच हार के बाद प्लेऑफ में पहुंचने की उनकी उम्मीदें अधर में लटक गईं. वो अभी अंक तालिका में 12 मैच के बाद 13 पॉइंट्स के साथ चौथे नंबर पर हैं.