बैंकॉक, भारत की स्टार बैडमिंटन जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को थाईलैंड ओपन 2026 के फाइनल में हारकर पुरुष युगल में सिल्वर मेडल पर ही संतोष करना पड़ा.
विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर काबिज सात्विक और चिराग को इंडोनेशिया के लियो रॉली कार्नांडो और डेनियल मार्टिन से 53 मिनट तक चले मैच में 12-21 23-25 से हार गए. यह भारतीय जोड़ी के खिलाफ इंडोनेशियाई जोड़ी की पहली जीत भी है. इससे पहले इन दोनों जोड़ियों के बीच खेले गए सभी चार मैच भारतीय जोड़ी ने जीते थे.
सात्विक और चिराग ने इससे पहले 2019 और 2024 में थाईलैंड ओपन का खिताब जीता था. यह भी उल्लेखनीय है कि ये भारतीय जोड़ी पिछले साल चाइना मास्टर्स और हांगकांग ओपन में भी उपविजेता रही थी.फाइनल मैच का पहला गेम काफी मुश्किल रहा, जिसमें सात्विक और चिराग को लय पकड़ने में काफी संघर्ष करना पड़ा, और इंडोनेशियाई जोड़ी ने तेजी से आगे बढ़ते हुए 21-12 से जीत हासिल कर ली. हालांकि दूसरे गेम में भारतीय जोड़ी ने जोरदार वापसी की और कड़ा मुकाबला करते हुए मैच को आखिरी पॉइंट तक लेकर गए. जहां, लगातार पांच चैंपियनशिप पॉइंट बचाने के बाद भी, उन्हें आखिरकार 25-23 से हार माननी पड़ी. इससे पहले, शनिवार को एक रोमांचक सेमीफाइनल में मलेशिया की जोड़ी, गोह जे फेई और नूर इज्जुद्दीन को हराकर ये भारतीय जोड़ी 2026 सीजन के अपने पहले फाइनल में पहुंचे थे.
बता दें की टूर्नामेंट में पी.वी. सिंधु और लक्ष्य सेन पहले ही बाहर हो चुके थे, इसलिए बैंकॉक में भारत की उम्मीदों का दारोमदार सात्विक और चिराग पर था.