एकमात्र टेस्ट: शुभमन गिल ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का ये रिकॉर्ड्, जानिए आंकड़े

Spread the love

नईदिल्ली, शुभमन गिल ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के पहले दिन शतक जड़कर बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। भारतीय कप्तान के तौर पर उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 1,000 रन पूरे कर लिए। गिल यह उपलब्धि हासिल करने वाले भारत के 11वें कप्तान बने। उन्होंने कप्तान के रूप में सिर्फ 15वीं टेस्ट पारी में यह आंकड़ा छुआ। इस मामले में उनसे आगे केवल सुनील गावस्कर हैं, जिन्होंने 14 पारियों में कप्तान रहते हुए 1000 टेस्ट रन पूरे किए थे।
गिल ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में शतकीय पारी खेलते हुए एक और बड़ा कीर्तिमान अपने नाम किया। वह सबसे कम समय में कप्तान के रूप में टेस्ट क्रिकेट में 1,000 रन पूरे करने वाले भारतीय बने हैं। गिल ने यह उपलब्धि 351 दिनों में हासिल की, जबकि सचिन तेंदुलकर को इस मुकाम तक पहुंचने में 405 दिन लगे थे। गिल का यह बतौर भारतीय टेस्ट कप्तान छठा शतक रहा।
गिल बतौर भारतीय टेस्ट कप्तान लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ शतक के साथ उनके नाम कप्तान रहते हुए 6 टेस्ट शतक हो गए हैं। उनसे आगे केवल विराट कोहली (20), सुनील गावस्कर (11), मोहम्मद अजहरुद्दीन (9) और तेंदुलकर (7) हैं। गिल ने कप्तान के रूप में अपने 9वें टेस्ट तक 1000+ रन बना लिए हैं। उनकी औसत 87 से अधिक की है। इस दौरान उन्होंने 7 बार 50+ स्कोर बनाया, जिसमें 6 शतक शामिल हैं।
गिल 177 गेंदों में 126 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 15 चौके और एक छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 71.19 की रही। गिल ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2020 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। अब तक इस खिलाड़ी ने 41 मैच खेले हैं और इसकी 74 पारियों में 44.31 की औसत से 2,969 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 11 शतक और 8 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 269 रन रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *