कर्मचारियों का समर्थन करने वाले को ही देंगे वोट: सीताराम
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। पुरानी पेंशन बहाली मोर्चा ने उसी पार्टी को स्पोर्ट करने की रणनीति बनाई है जो उनकी एकसूत्रीय मांग को अपने घोषणा पत्र में शामिल करेगा। कहा कि कर्मचारी व उनके परिवार का वोट उसी प्रत्याशी के लिए है जो कर्मचारियों के हित की सोच रखता हो।
पुरानी पेंशन बहाली मोर्चा के प्रदेश महासचिव सीता राम पोखरियाल ने कहा कि 80 हजार कर्मचारियों ने उस दल को एकमुश्त 80 हजार वोट देने का फैसला किया है जो पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दे को अपने घोषणापत्र में शीर्ष में शामिल करेगा। कहा कि पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग को लेकर कर्मचारी पिछले लंबे समय से लगातार आंदोलन कर रहे हैं। बावजूद इसके उनकी अनदेखी हो रही है। सरकार ने अपने विधायकों की पेंशन तो मंजूर कर दी, लेकिन लंबी सेवाएं देने वाले कर्मचारियों को पेंशन के लिए मोहताज कर दिया। जिससे कर्मचारियों में आक्रोश बना हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में आजीविका का अन्य कोई साधन नहीं है। ऐसे में कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद केवल पेंशन का ही सहारा होता है।