प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष शिविर आयोजित

Spread the love

अल्मोड़ा। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मंगलवार को जनपद के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क जांच एवं परामर्श सेवाएं प्रदान की गईं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद पांगती ने बताया कि अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व जांच उपलब्ध कराना तथा उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की समय रहते पहचान कर उचित उपचार एवं रेफरल सुनिश्चित करना है। शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा रक्तचाप, हीमोग्लोबिन, वजन, रक्त एवं मूत्र जांच सहित आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। साथ ही गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार, संस्थागत प्रसव और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। डॉ. पांगती ने बताया कि अभियान के दौरान चिन्हित उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं का विशेष फॉलो-अप किया जाएगा, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में मदद मिलेगी। उन्होंने सभी गर्भवती महिलाओं से नियमित प्रसव पूर्व जांच कराने और स्वास्थ्य विभाग की निःशुल्क सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपदवासियों से भी मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने में सहयोग करने तथा गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य संस्थानों में जांच के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *