जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रुद्रप्रयाग की सचिव पायल सिंह ने जनपद वासियों से राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रारम्भ किए गए समाधान समारोह: 2026 का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि इस विशेष पहल का उद्देश्य न्याय को सरल, सुलभ एवं त्वरित बनाते हुए आपसी सहमति एवं सुलह के माध्यम से विवादों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
सचिव ने बताया कि 21 अप्रैल, 2026 को नालसा द्वारा समाधान समारोह : 2026 का शुभारम्भ किया गया है। इसके अंतर्गत 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन से पूर्व राज्य, जिला एवं तहसील विधिक सेवा प्राधिकरणों द्वारा प्री-लिटिगेशन (पूर्व वाद) सुलह वार्ताओं का आयोजन किया जा रहा है, ताकि ऐसे विवाद, जिनका समाधान आपसी सहमति से संभव है, उन्हें न्यायालय में लंबी सुनवाई से पूर्व ही समाप्त किया जा सके। सचिव पायल सिंह ने कहा कि लोक अदालत विवादों के निस्तारण का एक सरल, त्वरित एवं कम खर्चीला माध्यम है। इसमें दोनों पक्षों की स्वैच्छिक सहमति से विवादों का अंतिम समाधान किया जाता है। साथ ही, न्यायालय में जमा कोर्ट फीस नियमानुसार वापस कर दी जाती है तथा पक्षकारों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध भी बने रहते हैं। उन्होंने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की कि जिनके दीवानी, वैवाहिक, बैंक ऋण, विद्युत, जल, श्रम, मोटर दुर्घटना दावा, चेक अनादरण (जहां समझौता संभव हो) अथवा अन्य समझौता योग्य विवाद लंबित हैं अथवा ऐसे मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं या न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने से पूर्व ही सुलझाए जा सकते हैं, वे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रुद्रप्रयाग अथवा अपने निकटतम विधिक सहायता केंद्र से संपर्क कर नालसा समाधान समारोह: 2026 का अधिकतम लाभ प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रुद्रप्रयाग न्याय को प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा समाधान समारोह के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।