संत सम्मान से सशक्त हुई आध्यात्मिक परंपरा

Spread the love

गुरुपूर्णिमा पर मुख्यमंत्री की ओर से जिलाधिकारी ने स्वामी धर्मानन्द जी महाराज को किया सम्मानित
जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रेरणा से गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रदेशभर में संत-महात्माओं के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किये गये। इसी क्रम में जनपद रुद्रप्रयाग में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने रुद्रनाथ महादेव मंदिर पहुंचकर पूज्य श्री स्वामी धर्मानन्द जी महाराज का अंगवस्त्र एवं सम्मान पत्र भेंट कर सम्मान किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंशा के अनुरूप प्रदेश की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और सम्मानित करने के उद्देश्य से संत-महात्माओं का सम्मान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संत समाज का मार्गदर्शन समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है और उनकी प्रेरणा से सेवा, संस्कार एवं राष्ट्र निर्माण की भावना सुदृढ़ होती है। सम्मान प्राप्त करने के उपरांत पूज्य श्री स्वामी धर्मानन्द जी महाराज ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास के साथ-साथ सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा जनकल्याण की अनेक योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं उत्तराखंड की निरंतर उन्नति के लिए मंगलकामनाएं भी कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *