01 अगस्त से 30 सितंबर तक चलेगा स्टॉप डायरिया अभियान

Spread the love

127 चिकित्सा इकाइयों में नि:शुल्क जिंक ओआरएस कार्नर की होगी स्थापना
आशा व एएनएम पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों वाले घरों का करेंगी दौरा
जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में 01 अगस्त से शुरू होने वाले स्टॉप डायरिया अभियान के सफल आयोजन को लेकर संबंधित विभागों की बैठक ली। उन्होंने पेयजल आपूर्ति से जुड़े विभागों को जनपद में समस्त सार्वजनिक पेयजल टैंक की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बुधवार को एनआईसी सभागार में स्वास्थ्य, बाल विकास, शिक्षा, जलसंस्थान, पंचायतीराज, नगर पालिका आदि विभागों की बैठक ली व स्टॉप डायरिया अभियान को लेकर प्रत्येक विभाग के स्तर पर होने वाली कार्यवाही को लेकर निर्देश दिए। जिलाधिकारी द्वारा शिक्षा विभाग को प्रतिदिन विद्यालयों में बच्चों को हैंडवास प्रैक्टिस प्रदर्शन व अन्य डायरिया रोकथाम जागरूकता गतिविधि करने, जलापूर्ति से जुड़े विभाग जल संस्थान, पेयजल निगम आदि को प्रत्येक सार्वजनिक पेयजल टैंक की सफाई सुनिश्चित करते हुए इन गतिविधियों की दैनिक रिर्पोटिंग करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बाल विकास विभाग को बच्चों के अभिभावकों को डायरिया रोकथाम के बारे में जागरूक करने व बच्चों में डायरिया के लक्षण दिखाए देने पर स्वास्थ्य विभाग से समन्वय कर उनका उपचार कराने को कहा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने बताया कि शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तत्वावधान में 01 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक स्टॉप डायरिया अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत जनपद की सभी 127 चिकित्सा इकाइयों मे जिंक ओआरएस कार्नर की स्थापना कर इन कार्नर के माध्यम से जिंक व ओआरएस पैकेट का वितरण नि:शुल्क किया जाएगा। बताया कि अभियान के दौरान आशा व एएनएम पांच साल से कम उम्र के बच्चों वाले घरों का दौरा करेंगी व इन घरों में अनिवार्य रूप से ओआरएस पैकेट का वितरण किया जाएगा। साथ ही आशा व एएनएम द्वारा लक्षित आयु वर्ग के बच्चों के अभिभावकों को डायरिया के लक्षण बचाव के बारे में जागरूक किया जाएगा व ओआरएस घोल बनाने की विधि सिखाई जाएगी। घर भ्रमण के दौरान डायरिया के लक्षण मिलने पर संबंधित शिशु को निकटवर्ती चिकित्सालय रेफर किया जाएगा। बताया कि पीड़ित बच्चे को नि:शुल्क जिंक टैबलेट उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय कुमार चौधरी, सहायक अभियंता रेवत सिंह रावत, बाल विकास परियोजना अधिकारी देवेश्वरी कुंवर, सफाई निरीक्षक नगर पालिका शिवराज सिंह, डीपीएम एनएचएम हिमांशु नौडियाल, डीसी आईईसी हरेंद्र सिंह नेगी आरकेएसके काउंसलर विपिन सेमवाल, डीईओ प्रतिरक्षण यशवंत राणा, डीपीएम पंचायतराज मनमोहन रौतेला, आरबीएसके मैनेजर सुमन जुगराण, डीसीएम आशा हेमलता गैरोला आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *