हरिद्वार। वेतन विसंगतियों और श्रमिक सुविधाओं की मांग को लेकर मंगलवार को सिडकुल क्षेत्र की दो कंपनियों के कर्मचारियों ने हड़ताल की। जींस निर्माण और हर्बल उत्पाद बनाने वाली कंपनियों के एक हजार से अधिक कर्मचारी प्रदर्शन में शामिल हुए। कर्मचारियों ने रोशनाबाद स्थित सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया और मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। वीनस कंपनी के कर्मचारियों ने फैक्ट्री से विरोध मार्च निकाला, जो जिला मुख्यालय रोशनाबाद होते हुए सहायक श्रम अधिकारी कार्यालय पहुंचा। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। श्रम कार्यालय परिसर के बाहर आयोजित जनसभा में कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि, ओवरटाइम बढ़ाने, कैंटीन में कम दर पर भरपेट भोजन उपलब्ध कराने और आकस्मिक अवकाश देने की मांग उठाई। कर्मचारियों का कहना था कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।कर्मचारियों के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने सहायक श्रम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद सहायक श्रम आयुक्त ने कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच वार्ता कराई।