सड़क दुर्घटना में छात्र की मौत

अल्मोड़ा। पिता और छोटी बहन के साथ बाइक से स्कूल जा रहे नौ वर्षीय मासूम छात्र की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे में पिता और छोटी बहन बाल-बाल बच गए। पुलिस ने बाइक को टक्कर मारने वाले डंपर चालक को मौके से ही हिरासत में ले लिया है। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मंगलवार को अल्मोड़ा के पांडेखोला निवासी आनंद गौनी अपने नौ वर्षीय पुत्र निर्मल और चार वर्षीय पुत्री को करीब नौ बजे के आसपास बाइक से कर्नाटकखोला के पास रैलापाली स्थित स्कूल की ओर ले जा रहे थे। इसी बीच पांडेखोला में पेट्रोल पंप के समीप पीटे से तेज गति से आ रहे डंपर ने पास लेने के दौरान बाइक को साइड से टक्कर मार दी। इससे बाइक बेकाबू हो गई। इस दौरान बाइक में पीटे से बैठा निर्मल छिटक कर सड़क में जा गिरा। सिर पर चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में स्थानीय लोग मासूम को बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मां और पिता का रोरोकर बुरा हाल है। सीओ विमल प्रसाद ने बताया कि डंपर चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इधर, स्थानीय लोगों में भी तेज रफ्तार वाहनों पर रोक नहीं लगने से आक्रोश व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *