रुद्रपुर। छात्रसंघ नेताओं ने डिग्री कॉलेज के घोषित परिणाम में बड़ी संख्या में छात्रों को फेल किए जाने का आरोप लगाते हुए सोमवार को महाविद्यालय में तालाबंदी कर दी। इस दौरान छात्रों ने धरना-प्रदर्शन किया, कक्षाओं का बहिष्कार किया और विरोध जताते हुए कॉलेज की छत पर चढ़ गए। सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े छात्रसंघ अध्यक्ष और उनकी टीम कॉपियों की दोबारा जांच की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। छात्र नेताओं का कहना था कि एक सप्ताह पहले हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय का परिणाम घोषित हुआ था, जिसमें 30 से 35 प्रतिशत छात्रों को विश्वविद्यालय द्वारा फेल कर दिया गया। इस संबंध में प्राचार्य को ज्ञापन भी दिया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि एक ही विषय में 50 से अधिक छात्रों का फेल होना गंभीर और जांच का विषय है। आक्रोशित छात्र नेता महाविद्यालय की छत पर चढ़ गए। बढ़ते तनाव को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने पुलिस बुला ली। इधर, कुछ छात्राओं ने प्रदर्शनकारी छात्र नेताओं पर आरोप लगाया कि उन्हें जबरन छत पर चढ़ाया गया, जबकि वे घर जा रही थीं। बाद में प्राचार्य द्वारा समझाने और ज्ञापन लेने के आश्वासन के बाद छात्र नेता छत से नीचे उतर आए, तब जाकर प्रशासन ने राहत की सांस ली। प्राचार्य पंकज कुमार पांडेय ने कहा कि यह विश्वविद्यालय स्तर का मामला है, न कि महाविद्यालय स्तर का। उन्होंने आरोप लगाया कि जबरन कक्षाएं बंद कराई गईं और महाविद्यालय में चल रही बैक परीक्षा का भी ध्यान नहीं रखा गया। साथ ही धारा 144 का उल्लंघन किया गया और बाहरी असामाजिक तत्वों को बुलाकर माहौल खराब किया गया। प्रदर्शन में छात्रसंघ अध्यक्ष रोहित जोशी, एबीवीपी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वंशिका शुक्ला, सीमा, प्रेमलता, निकिता, पूजा, किरण, काजल, तुलसी, जतिन पांडेय, सचिन, आकाश वर्मा, कृष्णा, ऋषि आदि शामिल रहे।