श्रीनगर गढ़वाल : एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि बिड़ला, पौड़ी और टिहरी कैंपस में अध्ययनरत छात्रों और शोधार्थियों के लिए विश्वविद्यालय के डोमेन पर ई-मेल आईडी उपलब्ध कराई गई है। विवि डीन छात्र कल्याण प्रो. ओपी गुसाईं ने बताया कि तीनों परिसरों में अध्ययनरत वर्ष 2022, 2023, 2024 और 2025 बैच के छात्रों तथा 2021 से 2024 बैच के शोधार्थियों को यह सुविधा दी गई है।

प्रत्येक ई-मेल आईडी में 500 एमबी स्टोरेज की सुविधा होगी। ई-मेल आईडी छात्र के नाम और विश्वविद्यालय रोल नंबर के निर्धारित प्रारूप में बनाई गई है। छात्र जीमेल से अपने खाते में लॉगिन कर सकेंगे। पहली बार लॉगिन के लिए विवि नामांकन संख्या को कैपिटल अक्षरों में पासवर्ड के रूप में इस्तेमाल करना होगा। विवि ने छात्रों को पहली बार लॉगिन के बाद पासवर्ड बदलने और अपनी लॉगिन जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने के निर्देश दिए हैं। ई-मेल खाते के डेटा और स्टोरेज की जिम्मेदारी संबंधित छात्र की होगी। विवि ने स्पष्ट किया है कि किसी शैक्षणिक वर्ष में पढ़ाई पूरी करने वाले छात्रों की ई-मेल आईडी उसी वर्ष 31 अक्तूबर को बंद कर डिलीट कर दी जाएगी। इसके लिए अलग से कोई सूचना नहीं दी जाएगी। (एजेंसी)