विद्यार्थियों ने अपनी माता के साथ किया पौधा रोपण

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पब्लिक इंटर कॉलेज सुरखेत में ‘हर गांव एक पैगाम-एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत छात्र-छात्राओं ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया। इस दौरान ग्रामीणों को भी अधिक से अधिक पौधरोपण के लिए जागरूक किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह नेगी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत विद्यालय से जुड़े रणस्वा, धरासू, पालकोट, मरड़ा, बुरसोली, मैंणा, पिलखेरा, सगोड़ा, कांडई, ढंगसोली, कुलोड़ीधार और खेतरपाल गांवों में छात्र-छात्राओं ने अपनी माताओं के साथ घरों और आंगनों में पौधे रोपे। उन्होंने बताया कि पहले चरण में जुलाई माह के दौरान 130 पौधों का रोपण किया जा चुका है, जबकि दूसरे चरण में अगस्त माह में प्रत्येक विद्यार्थी अपनी मां के सम्मान में एक और पौधा लगाएगा तथा उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी स्वयं निभाएगा। प्रधानाचार्य ने बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक विद्यार्थी को दो पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ मां के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने के साथ समाज को पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संदेश भी दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *