पब्लिक इंटर कालेज सुरखेत में चलाया गया अभियान
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पब्लिक इंटर कॉलेज सुरखेत में राष्ट्रीय सेवा योजना, यूसर्क विज्ञान चेतना केंद्र व सैर सलीका के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों को पृथ्वी दिवस के महत्व के बारे में बताया गया। साथ ही विद्यार्थियों ने विद्यालय के आसपास सफाई अभियान चलाते हुए सूखे हुए चीड़ के पत्तों का निस्तारण भी किया।
विद्यार्थियों ने आसपास के गांव में रैली निकालकर ग्रामीणों से पालीथीन, प्लास्टिक का उपयोग बंद करने की अपील की। साथ ही पिरुल व अन्य सूखे हुए पत्तों के निस्तारण की भी अपील की गई। प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह नेगी ने कहा कि पृथ्वी के संरक्षण के लिए प्रति वर्ष पृथ्वी दिवस मनाया जाता है। ऐसे में हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम उन सभी वस्तुओं का उपयोग बंद करें जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। कहा कि वर्तमान में पहाड़ों में आग जैसी घटनाएं बढ़ने लगी हैं। आग का मुख्य कारण जगह-जगह बिखरे पिरूल के पत्ते हैं। ऐसे में अपने आसपास सूखे पत्ते एकत्रित न होने दे। इस दौरान विद्यार्थियों ने पूर्व में लगाए गए पौधों की निराई-गुड़ाई भी की।