श्रीनगर गढ़वाल : बेस अस्पताल श्रीनगर की अत्याधुनिक कैथ लैब में रुद्रप्रयाग जिले के चंद्रापुरी क्षेत्र की 45 वर्षीय महिला की सफल एंजियोप्लास्टी कर उसकी जान बचाई गई। महिला चोपता-फलासी क्षेत्र में एक देवकार्य में शामिल होने गई थी, जहां अचानक सीने में तेज दर्द उठने पर उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन पहले महिला को चोपता अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग रेफर किया गया। हार्ट अटैक के संकेत मिलने पर चिकित्सकों ने उसे श्रीनगर बेस अस्पताल भेजा। अस्पताल पहुंचने पर महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत कैथ लैब में शिफ्ट किया गया, जहां वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अमर उपाध्याय और उनकी टीम ने सफल एंजियोप्लास्टी कर जान बचाई। डॉ. अमर उपाध्याय ने बताया कि कैथ लैब के पहले ही दिन चार मरीजों की सफल एंजियोप्लास्टी और एक मरीज को पेसमेकर लगाया गया। वहीं शनिवार को अस्पताल की ओपीडी में 25 से अधिक हृदय रोगियों की जांच की गई। श्रीनगर बेस अस्पताल की कैथ लैब में जिन पांच गंभीर हार्ट मरीजों का उपचार हुआ, उनमें तीन महिलाएं शामिल रहीं। कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अमर उपाध्याय ने बताया कि अब महिलाएं भी तेजी से हृदय रोगों की चपेट में आ रही हैं। तनाव, अनियमित दिनचर्या, उच्च रक्तचाप, मधुमेह और समय पर जांच न होना इसके प्रमुख कारण हैं। उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की है। (एजेंसी)